वहीं, विभागों की दलील से इतर कोर्ट में जब मामला जाता है तो आरोपी इसी तालमेल की कमी और असमंजस का फायदा उठाते हुए सबसे पहले ब्यूरो की कार्यशैली पर ही सवाल उठा देता है। जिससे कोर्ट में ब्यूरो का पक्ष भी कमजोर हो जाता है। नाम न लिखने की शर्त पर एक अन्य अधिकारी ने कहा कि जब तक संशोधन पर कोर्ट स्थिति स्पष्ट नहीं करेगा तब तक ऐसी मुश्किलें सामने आती रहेंगी।
बैंक कर्मी के खिलाफ मांगी थी अनुमति
हाल में ब्यूरो ने एक सहकारी बैंक के कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए सहकारिता विभाग से अनुमति मांगी थी। मामला कुछ साल पहले का था, ऐसे में ब्यूरो ने उस समय के नियमों के आधार पर अनुमति मांगी। लेकिन विभाग ने संशोधन का हवाला देते हुए अनुमति से इंकार कर दिया। अब ब्यूरो दोबारा मामला दर्ज करने के लिए संशोधित नियमों में अनुमति मांगने की तैयारी कर रहा है।