क्रिसेंट स्कूल टुटू में अमर उजाला दिशा छात्रवृत्ति परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ने शनिवार को राजधानी शिमला के क्रिसेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू में दिशा छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया। इसमें स्कूल के दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षा को देकर उन्हें एक अलग अनुभव हुआ है। स्कूल परिसर में ग्यारह बजे शुरू होने वाली परीक्षा देने के लिए सुबह दस बजे ही विद्यार्थी पहुंच गए थे। ग्यारह बजे शुरू हुई परीक्षा एक घंटे तक चली। इस परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिका में अपना विवरण भरने का तरीका भी सीखा तथा एक घंटे की इस परीक्षा में आए प्रश्नों को समय में बांटकर तय समय में हल करने की कला जानीं। शहर में बनाए गए इस एक मात्र परीक्षा केंद्र में 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें दसवीं के 19, ग्यारहवीं के 9 और बारहवीं के 20 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
अमर उजाला की पहल सराहनीय
अमर उजाला की स्कूली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने में मदद करने के लिए शुरू की गई छात्रवृति परीक्षा एक सराहनीय कदम है। इससे एक ओर जहां होनहार, जरूरतमंद विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है, वहीं पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए एक रास्ता भी मिलेगा। कहा कि सर्दियों की छुटिटयों के बावजूद स्कूल के विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में रुचि दिखाई और पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। परीक्षा प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न पर हुई है। इससे उनको भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का पहला अनुभव भी हुआ है।
-सुभाष चंद, प्रधानाचार्य, क्रिसेंट स्कूल टुटू
खुद का आकलन करने का मिला मौका
अमर उजाला की इस छात्रवृत्ति परीक्षा में पूछे गए सवाल अब तक पढ़े गए पाठ्यक्रम में से ही थे। इससे यह जानने और आकलन करने का मौका मिला कि हमें कितना आता है। कितनी मेहनत करने की आवश्यकता है। प्रश्न समझने और हल करने में कोई समस्या पेश नहीं आई।
-छात्र, सुजल ठाकुर
परीक्षा में रोचक ढंग से पूछे गए थे सवाल
दिशा छात्रवृत्ति परीक्षा में सवालों को रोचक अंदाज में पूछा था। लगभग हर विषय से संबंधित सवाल थे। प्रतियोगी परीक्षा के पैटर्न पर हुई इस परीक्षा को देकर मन में जो डर था वो कम हुआ है, इससे आगे के लिए अनुभव मिला है। परीक्षा में अपने ज्ञान को परखने के साथ छात्रवृत्ति पाने का स्वर्णिम मौका अमर उजाला ने दिया है, जिसका पूरा लाभ उठाने का प्रयास किया है।
-अक्षिता, छात्रा