सुंदरनगर करसोग मार्ग पर गुरुद्वारा गांव के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ऑटो में सवार एक स्कूली बच्ची की मौत हो गई। हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में पढ़ रहे करीब आधा दर्जन बच्चे स्कूल से छुट्टी उपरांत बस छूट जाने से पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक ऑटो सुंदरनगर की ओर आता हुआ मिल गया।
बच्चों ने ऑटो चालक से लिफ्ट ली। इसी दौरान जब ऑटो गुरुद्वारा के पास पहुंचा तो वह अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो की चपेट में आने से सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय द्रमण निवासी श्रुति पुत्री भूपेश कुमार की मौके पर ही मौत ही गई।
हादसे में आधा दर्जन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर गांव के लोगों ने बच्चों को उनके घर पहुंचाया। इस हादसे के उपरांत ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में लाया गया है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाई शुरू कर दी है। हादसे में आधा दर्जन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।