नगर निगम शिमला के डिप्टी मेयर टिकेंद्र पंवर सरकारी गाड़ी के दुरुपयोग के आरोप में फंस गए हैं। राज्य सरकार ने मामले पर जांच बैठा दी है। शहरी विकास विभाग के निदेशक को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने शिमला के एक स्थानीय निवासी की शिकायत और उसके साथ दी गई आरटीआई के आधार पर जांच शुरू करवाई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव शहरी विकास मनीषा नंदा ने निदेशक को मामले की फाइल भेज दी है।
नगर निगम एक्ट के मुताबिक डिप्टी मेयर बिना सरकारी टूअर सरकारी गाड़ी की सवारी करने के लिए अधिकृत नहीं हैं। टिकेंद्र पंवर पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी गाड़ी का निजी तौर पर भी प्रयोग किया है।
शहर में जन समस्याओं को जानने और विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए गाड़ी का प्रयोग किया गया। किसी भी मामले की जांच करने का सरकार को एकाधिकार है। - टिकेंद्र पंवर, डिप्टी मेयर, नगर निगम शिमला
सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग करने की शिकायत आई थी। अतिरिक्त मुख्य सचिव को जांच करवाने के आदेश दिए गए हैं।- सुधीर शर्मा, शहरी विकास मंत्री