शिमला आने वाली सभी टॉय ट्रेन पैक, आज से 13 अक्तूबर तक एडवांस बुक
क्रॉसर
कई होटलों में अभी से 50 फीसदी तक की बुकिंग
वीकेंड पर दो छुट्टियों के चलते और बढ़ेगी आक्यूपेंसी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शरद नवरात्र से पर्यटन कारोबारियों की पौ बारह होने लगी है। पहाड़ों की रानी शिमला में पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। 13 अक्तूबर तक कालका से शिमला आने वाली सभी टॉय ट्रेन एडवांस बुक हो चुकी हैं।
वीकेंड पर हफ्ते के दूसरे शनिवार की छुट्टी के चलते शहर के होटलों में सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंचने वाली है। दुर्गा पूजा की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में बंगाली टूरिस्ट भी शिमला पहुंचने वाले हैं। दो सालों से कोरोना की भेंट चढ़ा शिमला का पर्यटन कारोबार नवरात्र पर पटरी पर लौटने लगा है।
शहर के बजट होटलों में करीब 50 फीसदी तक कमरे एडवांस बुक हो चुके हैं। वीकेंड पर हफ्ते के दूसरे शनिवार और रविवार की छुट्टी के चलते चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली से भी बड़ी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है।
सैलानियों की बढ़ती आमद से शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने बताया कि होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। लंबे वीकेंड के चलते इस बार ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी पहुंचने की पूरी संभावना है। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने कहा कि नवरात्र के दौरान शिमला के पर्यटन कारोबार ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल के टूरिस्टों के अलावा बड़ी संख्या में चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा से भी सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। आगामी क्रिसमस से न्यू ईयर तक शिमला में सैलानियों की रौनक बनी रहने की उम्मीद है।
13 अक्तूबर तक सभी ट्रेनें बुक
कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर चलने वाली रेल मोटर कार गाड़ी संख्या 04505 आगामी 13 अक्तूबर तक एडवांस बुक हो चुकी है। शिवालिक डीलक्स स्पेशल गाड़ी संख्या 04527 भी 13 अक्तूबर तक बुक है। शिमला फेस्टिवल स्पेशल गाड़ी संख्या 04515, कालका शिमला स्पेशल गाड़ी संख्या 04529, कालका शिमला स्पेशल गाड़ी संख्या 04543 और कालका शिमला स्पेशल गाड़ी संख्या 04517 की भी 13 अक्तूबर तक एडवांस बुकिंग है। इसके बाद के लिए भी गाड़ियों में अधिकतर सीटें बुक हो चुकी हैं। शिमला रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया कि 13 अक्तूबर तक के लिए गाड़ियां एडवांस बुक हैं और इसके बाद के लिए भी बुकिंग जोरों पर चल रही है।