हिमाचल में रविवार रात को भारी बर्फबारी हुई। ऊपरी शिमला का राजधानी से संपर्क कट गया है। राजधानी शिमला में इस सीजन की पहली बर्फबारी रिकार्ड हुई। लगातार तीसरे वर्ष राजधानी शिमला में दिसंबर में बर्फ गिरी है। कुफरी में सबसे अधिक तीस सेंटीमीटर बर्फ रिकार्ड हुई। मनाली और डलहौजी भी बर्फ से लकदक हो गए हैं।
सोलन, चायल, नड्डी ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। मौसम के बदले मिजाज से पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। बिजली और पानी की लाइनें टूटने से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की संकट गहरा गया है। ताजा बर्फबारी से प्रदेश में करीब 400 सड़कें सोमवार को बंद रहीं।
राजधानी शिमला में वर्ष 2019 में 14 और 16 दिसंबर को बर्फबारी हुई थी। वर्ष 2018 में 12 और 13 दिसंबर को बर्फबारी रिकार्ड हुई थी। 2017 में राजधानी में दिसंबर में बर्फ नहीं गिरी थी। इस बार लगातार तीसरे वर्ष दिसंबर में राजधानी शिमला में फिर बर्फ गिरी है।
कुफरी में भारी बर्फबारी होने से ऊपरी शिमला का संपर्क राजधानी से कट गया है। वाया धामी और बसंतपुर ही ऊपरी शिमला को गाड़ियां भेजी जा रही हैं। सोमवार सुबह राजधानी शिमला की सड़कों पर भी फिसलन की स्थिति बनी रही।
हिमाचल में मंगलवार से मौसम साफ रहेगा। तीन जनवरी तक पूरे प्रदेश में धूप खिली रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने से तापमान में भी बढ़ोतरी होने के आसार हैं।