दुनिया भर में वेबसाइटें हैक कर फिरौती मांगने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रैनसमवेयर वायरस का खतरा हिमाचल प्रदेश पर भी मंडरा रहा है। एहतियात के तौर पर प्रदेश सीआईडी की साइबर क्राइम विंग ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है।
बाकायदा, एडवाइजरी जारी कर कहा गया है कि दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में यह वायरस अपना असर दिखा चुका है। ऐसे में किसी भी अंजान ई-मेल या लिंक को खोलने से परहेज करें। वेब सर्फिंग के दौरान वेबसाइट या वेब पेज पर पासवर्ड मांगे जाने पर कतई न दें।
इसके अलावा किसी तरह के ई-मेल अटैचमेंट या सॉफ्टवेयर को अपडेट न करें। यहां तक कि शक होने की स्थिति में कंप्यूटर में नया ऑपरेटिंग सिस्टम इंस्टाल करने की भी सलाह दी गई है। डीआईजी साइबर क्राइम र्डा. विनोद कुमार धवन ने बताया कि अभी तक हिमाचल में किसी भी वेबसाइट के हैक होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
फिर भी सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को एसएमएस के माध्यम से सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों से अपील की जा रही है कि वह अपने कंप्यूटर के डेटा का बैकअप किसी हार्ड डिस्क या पेन ड्राइव में सुरक्षित कर लें।