फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेरा प्रमुख की सजा घोषित होने से पहले हिमाचल में अलर्ट, डेरे का रिकॉर्ड खंगाला

Mon, 28 Aug 2017 10:38 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
डेरा सच्चा सौदा के बाबा राम रहीम पर चल रहे यौन शोषण के मामले में 25 अगस्त को कोर्ट के फैसले के बाद हुए बवाल के बाद पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ के अलावा हिमाचल प्रदेश में भी हाई एलर्ट जारी है। सोमवार को मामले में कोर्ट बाबा की सजा तय करेगी।
विज्ञापन


माना जा रहा है कि बाबा की सजा तय होने के बाद अनुयायी एक बार फिर सड़कों पर उतरकर बवाल कर सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए हिमाचल के डीजीपी सोमेश गोयल ने सभी एसपी को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है।

साथ ही डेरा अनुयायियों की बस्तियों और डेरों के आसपास की गतिविधियों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए है। गोयल ने कहा कि पंजाब हरियाणा पुलिस के निवेदन के बाद हिमाचल पुलिस दोनों प्रदेशों की ओर जाने वाले वाहन सवारों को वहां न जाने की सलाह दे रही है।
विज्ञापन


ऐसा वहां बवाल की आशंका और जानमाल के संभावित नुकसान को देखते हुए किया जा रहा है। गोयल ने कहा कि सभी रिजर्व बटालियनों को स्टैंड बाय रखा गया है। साथ ही कांगड़ा में बाबा के डेरे पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। कहा कि हिमाचल में किसी भी तरह की गतिविधि से सख्ती से निपटा जाएगा।
विज्ञापन

राम रहीम के चचियां डेरे का खंगाला रिकॉर्ड

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के पालमपुर स्थित चचियां डेरे की संपत्ति जब्त करने की हलचल शुरू हो गई है। डेरे की जमीन का रिकॉर्ड खंगालने के आदेश मिलते ही राजस्व विभाग ने दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए हैं।

सूत्र बता रहे हैं कि अभी जिला प्रशासन को डेरे की संपत्ति जब्त करने के आदेश नहीं मिले हैं। इससे पहले जमीन का रिकॉर्ड पुख्ता किया जा रहा है। मौजूदा समय में चचियां का डेरा करीब 300 कनाल जमीन पर चल रहा है।

इसमें से करीब डेढ़ हेक्टेयर (40 कनाल) जमीन सच्चा सौदा डेरा सतनाम के नाम लीज पर दी गई है। इसका रिकॉर्ड भी राजस्व विभाग ने खंगाला है। बाकी जमीन एक कमेटी के नाम है। इस कमेटी के सभी सदस्य हिमाचली बताए जा रहे हैं। 

सूत्रों की मानें तो जमीन जब्त होने पर सरकार के पास इसे नीलाम करने का अधिकार होता है। उधर, एसडीएम पालमपुर बलवान मंढोत्रा ने बताया कि अभी डेरे की संपत्ति जब्त करने के कोई आदेश नहीं मिले हैं। रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। 

सजा से पहले डेरे की बढ़ाई चौकसी 
डेरा सच्चा सौदा चचियां में रविवार को शांतिपूर्ण माहौल रहा। पुलिस अभी भी डेरे में तैनात है। सोमवार को गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाने के चलते पुलिस ने अपनी चौकसी बढ़ा दी है। थाना प्रभारी भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि चचियां डेरे में पुलिस कर्मी तैनात हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें