अनुसूचित जाति एवं जनजाति एक्ट में संशोधन के विरोध में विभिन्न दलित संगठनों की ओर से बुलाए गए भारत बंद को देखते हुए हिमाचल में अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला कप्तानों को इस संबंध में खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। चूंकि, पंजाब ने अभी से ही प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार को इंटरनेट सेवाएं और सभी शैक्षणिक संस्थाएं और बस सेवा आदि बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे में पुलिस मुख्यालय ने पंजाब से सटे जिलों में प्रदेश सीमाओं पर खास निगरानी के लिए कहा है। डीजीपी सीताराम मरडी ने कहा कि वैसे तो हिमाचल में अभी तक किसी बड़े प्रदर्शन की सूचना नहीं है, फिर भी सांकेतिक प्रदर्शनों के दौरान भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है।
बताया कि सोमवार को ही हिमाचल में यूथ कांग्रेस ने जगह जगह प्रदर्शन का एलान किया है, उसे देखते हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।
एचआरटीसी बस चालकों को एहतियात बरतने के निर्देश
शिमला। जनजातीय एक्ट में संशोधन के विरोध को लेकर देशभर के जनजातीय संगठनों ने भारत बंद का एलान किया है। पंजाब जैसे राज्य ने सोमवार को बस और अन्य सेवाएं बंद करने का फैसला लिया है।
हिमाचल सरकार ने भी चालकों को निर्देश दिए हैं कि बाहरी राज्यों के लिए जाने वाली बसें में एहतियात बरती जाए। कहा गया है कि अगर प्रदर्शन की सूचना मिलती है तो उक्त स्टेशन पर परिवहन निगम की बसें नहीं जाएंगी।