अक्षय कुमार और परिणीति रंगरीक के समीप देवाचिन रिट्रीट में ठहरेंगे। फिल्म यूनिट से जुड़े स्थानीय होटल कारोबारी राजेंद्र बौद्ध और राहुल ने बताया कि अनुराग सिन्हा के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘केसरी’ की शूटिंग स्पीति घाटी के पंगमो, हल, चिचम, टशीगंग और एशिया के सबसे ऊंचे कौमिक गांव के तंगजुत बौद्ध मठ में होगी।
निर्देशक सिन्हा अपने क्रू मेंबर के साथ 16 मई को काजा पहुंच कर अच्छी लोकेशन देख रहे हैं। फिल्म की शूटिंग 27 मई तक जारी रहेगी। डीएसपी मुकेश ने बताया कि फिल्म यूनिट ने स्थानीय प्रशासन से 2 जून तक की परमिशन ले रखी है।
बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग शुरू होने से घाटी के पर्यटन कारोबारी खुश हैं। राजेंद्र बौद्ध ने कहा कि स्पीति का लैंडस्केप और संस्कृति पूरी तरह लद्दाख से मिलती है। लिहाजा स्पीति घाटी लद्दाख का बेहतर विकल्प बन सकती है।
यह फिल्म सन 1897 में ब्रिटिश इंडियन आर्मी और अफगान-पश्तो मिलिट्री के बीच सारागढ़ी में हुई लड़ाई पर आधारित है। इस लड़ाई में सिख बटालियन के 21 जवानों ने 10000 अफगानियों के दांत खट्टे कर दिए थे। फिल्म अक्षय कुमार और करण जौहर के प्रोडक्शन में बन रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म अगले साल मार्च में रिलीज होनी है।