कठिन हालात में भी दूल्हे न हार नहीं मानी और बर्फ और ग्लेशियरों की परवाह न करते हुए जान जोखिम में डालकर 32 किलोमीटर का सफर माइनस डिग्री तापमान और बर्फीली हवाओं के बीच एक अन्य साथी के साथ पूरा किया। दूल्हा अब अपने घर पहुंच चुका है। आइजोल ठाकुर के सिर अब सेहरा सजेगा।
आइजोल ठाकुर को सुंदरनगर निवासी सचिन कुमार का साथ मिला। नाना की मौत के कारण सचिन को भी घर पहुंचना था। दोनों युवक जहां-जहां बीच में सड़क बीआरओ ने खोली थी,, वहां तक गाड़ी का सहारा लिया। उदयपुर से अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल तक इन दोनों युवाओं ने 75 किमी के रास्ते में 32 किलोमीटर भारी बर्फ के बीच कदमताल की।
थक-हार कर उन्हें शुक्रवार रात सिस्सू के एक होम स्टे में रात्रि ठहराव भी करना पड़ा। आइजोल ने बताया कि 32 किमी का पैदल सफर तय करने में उन्हें 12 घंटे लगे। यह पल उनके लिए हमेशा यादगार बना रहेगा। 1 से 3 मार्च तक लाहौल घाटी में भारी बर्फबारी के बाद से ऐसे हालात बने हैं। अभी तक उदयपुर का यातायात संपर्क मनाली से नहीं जुड़ा है।