आईजीएमसी गेट के बाहर आज एक बजे करेंगे प्रदर्शन
कर्मचारियों का तर्क, अब तो दिसंबर का आधा महीना बीत गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। आईजीएमसी के 150 कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं मिल रही है। ऐसे में अब कर्मचारी पूरी तरह से भड़क गए हैं। रविवार को हुई आपात बैठक में कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि सोमवार दोपहर बाद काम बंद रखेंगे। वहीं दोपहर एक बजे के करीब गेट के बाहर विरोध स्वरूप प्रदर्शन करेंगे। सीटू के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने इसकी जानकारी दी है।
आईजीएमसी में वार्ड अटेंडेंट, सफाई, सुरक्षा कर्मियों व अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ को बीते दो माह से तनख्वाह नहीं मिली है। अब दिसंबर का आधा महीना भी बीत गया है। ऐसे में महंगाई के इस दौर में इन कर्मचारियों को कमरों का किराया, परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। आईजीएमसी कांट्रेक्ट वर्कर यूनियन संबंधित सीटू से जुड़े अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार, प्रबंधन और सरकार उनकी समस्या हल नहीं कर रहे हैं। वह केवल झूठे वायदे करके दिन निकाल रहे हैं, जोकि गलत है। यूनियन ने कहा कि सोमवार को एक बजे के करीब सभी कर्मचारी काम बंद कर ठेकेदार और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष व्यक्त करेंगे।