फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर निगम के खिलाफ फोरम ने खोला मोर्चा

Thu, 24 Dec 2015 12:57 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के लोगों को पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने में नाकाम रहा नगर निगम अब सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने के एवज में लोगों से मनमानी वसूली करने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम ने सर्कुलर रोड पर येलो लाइन लगा कर 35 लाख रुपये में टेंडर कर दिया है। येलो लाइन में करीब 845 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। लेकिन शहर के लोगों को अब पार्किंग संचालक को मनमाने पैसे चुकाने होंगे।
विज्ञापन


अपनी कमाई के लिए शहर की सड़कों को बेचने की नगर निगम की मुहिम के खिलाफ टालैंड, टिंबर हाउस सिटीजन फोरम ने मोर्चा खोल दिया है। फोरम के प्रतिनिधि डॉ. अशोक कपाहटिया और अतुल मित्तल का कहना है कि नगर निगम लोगों पर अनावश्यक बोझ डालने जा रहा है।

सड़क किनारे भवनों में रहने वाले लोगों, कारोबारियों और कर्मचारियों को 80 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से महीने में 2400 रुपये चुकाने होंगे। फोरम ने नगर निगम पर स्टेक होल्डरों, वार्ड सभाओं और जन संगठनों को विश्वास में लिए बगैर पेड पार्किंग चलाने का फैसला करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन


येलो लाइन पेड पार्किंग सरकार की ओर से निर्धारित मापदंडों का भी उल्लंघन है, क्योंकि बिना सुविधाओं के सड़क किनारे पीली पट्टी लगा कर गाड़ी खड़ी करने के एवज में वसूली असंवैधानिक है। शहर की बहुमंजिला पार्किंगों में लोगों से गाड़ी खड़ी करने की मासिक फीस 2500 रुपये ली जा रही है। सड़कों पर गाड़ी खड़ी करने की फीस भी नगर निगम ने 2400 तय कर दी है।

टालैंड, टिंबर हाउस सिटीजन फोरम ने नगर निगम प्रशासन से येलो लाइन पेड पार्किंग फैसले को वापस लेने की मांग की है। फोरम के प्रतिनिधियों का कहना है कि नगर निगम आयुक्त, महापौर, उप महापौर के समक्ष यह मुद्दा उठाया जाएगा। स्थानीय विधायक और उपायुक्त शिमला को भी इस मुद्दे पर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

कनलोग वार्ड से पार्षद आलोक पठानिया का कहना है कि स्थानीय लोगों में नगर निगम के इस कदम को लेकर रोष व्याप्त है। किसी भी कीमत पर येलो लाइन में पेड पार्किंग लागू नहीं होने दी जाएगी। 29 दिसंबर मंगलवार को हाउस में यह मुद्दा उठाया जाएगा।

संजौली वार्ड से पार्षद सुशांत कपरेट का कहना है कि मेयर, डिप्टी मेयर सरकारी गाड़ियों में घूमते हुए यह भूल गए हैं कि वह भी शहर के ही नागरिक हैं। चुनावों के दौरान मेयर, डिप्टी मेयर ने शहर के लोगों को मुफ्त पार्किंग उपलब्ध करवाने का वादा किया था।

यहां चिन्हित की गई है येलो लाइन पार्किंग
- नजदीक मून होटल छोटा शिमला (वैली साइड)
- नजदीक जिला न्यायवादी सतर्कता मुख्यालय छोटा शिमला
- संजौली चौक से कार्ट रोड बाईपास जंक्शन
- बॉथ वैल नजदीक आर्मी रोड
- आईजीएमसी नाला नजदीक लांगवुड
- नजदीक लांगवुड टनल (हिल साइड)
- भराड़ी रोड बायफरकेशन पीडब्ल्यूडी रेन शेल्टर वाया आरकेएमवी कॉलेज
- लक्कड़ बाजार से स्नो व्यू वाया तारा हाल स्कूल
- ट्रिपल एच से खलीणी
- आरटीओ से सिसल होटल
- बालूगंज से मुसाफिर हाउस

यह निर्धारित की गई है पार्किंग फीस
0 से 2 घंटे-10 रुपये
0 से 4 घंटे-20 रुपये
0 से 6 घंटे-30 रुपये
0 से 12 घंटे-40 रुपये
0 से 24 घंटे-80 रुपये

अभी 6 जगहों पर चल रही हैं येलो लाइन पेड पार्किंग- नगर निगम मौजूदा समय में शहर की छह अलग-अलग सड़कों पर येलो लाइन पेड पार्किंग का संचालन कर रहा है। यूएस क्लब, चौड़ा मैदान, एडवांस्ड स्टडी और लक्कड़ बाजार सहित अन्य स्थानों पर सड़क किनारे येलो लाइन लगा कर पेड पार्किंग चलाई जा रही है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें