शिमला। युवा कांग्रेस की शहरी इकाई ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर केंद्र की एनडीए सरकार द्वारा कांग्रेस नेता डीके शिव कुमार पर की गई ईडी कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहरी अध्यक्ष आकाश सैणी की अगुवाई में जुटे कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार प्रतिशोध की भावना से कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें परेशान कर रही है।
युकां ने उपायुक्त के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को मांगपत्र सौंपा और इसमें इस तरह की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव एवं शिमला शहरी के प्रभारी विनोद जिन्टा भी शामिल थे। विनोद ने कहा कि काफी समय से पूरे देश में सीबीआई और ईडी का केंद्र की एनडीए सरकार अपने हित साधने के लिए प्रयोग कर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष भावना से कार्रवाई कर रही है। भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस नेताओं का चरित्र हनन किया जा रहा है। कहा कि अभी हाल ही में कर्नाटक में कांग्रेस के बडे़ नेता डीके शिव कुमार के खिलाफ ईडी की एक तरफ कार्रवाई हैरान करने वाली है। केंद्र की मोदी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करे। आकाश सैणी ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके लोकतंत्र का गला घोंट रही है। यह विपक्षी नेताओं की आवाज को दबाने का प्रयास है। युवा कांग्रेस ने राष्ट्रपति इसमें हस्तक्षेप कर इस तरह की कार्रवाई पर रोक लगाए। पूरे मामलों की जांच निष्पक्षता से हो। प्रदर्शन में सौरभ श्रीधर, रोहन शर्मा, अंकुश कुमार, एनएसयूआई महासचिव प्रतीक शर्मा, विशाल भीरटा, शशि कांत, धर्मपाल, राजेश, अंकित, अजय कुमार, बॉबी, बलविंदर, मोंटी, अंशुमन, नौशाद, गौरव, मुस्कान, अंशुल, कर्ण, राहुल, पियुश चैहान, हरिश, फ रान, रवि अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
एनएसयूआई की भूख हड़ताल जारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में आम छात्रों की मांगों और प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांगों को लेकर एनएसयूआई की विवि इकाई की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। वीरवार को भूख हड़ताल पर रजत राणा, सौरव ठाकुर, विधि विभाग से यासीन भट्ट बैठे। एनएसयूआई की विवि इकाई के अध्यक्ष वीनू मेहता कहा कि कुलपति सभी मांगों को जल्द माने और पूरा करें। यदि इन्हें पूरा न किया गया तो एनएसयूआई और उग्र होकर छात्र हितों की रक्षा के लिए आमरण अनशन शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि कुलपति स्वयं देखें कि विवि मैदान में रोजाना आरएसएस की शाखाएं संचालित की जा रही है, जिसमें विवि के शिक्षक बेरोकटोक भाग ले रहे है।