विवि के पुस्तकालय के बाहर एबीवीपी ने किया धरना-प्रदर्शन
विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, लाइब्रेरी जल्द खोलने समेत उठाई नौ मांगें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने आम छात्रों से जुड़ी नौ मांगों को पूरा करवाने के लिए सोमवार से आंदोलन शुरू कर दिया। इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी और सचिव आकाश नेगी की अगुवाई में पुस्तकालय के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। अध्यक्ष ने कहा कि विवि छात्रों से मनमर्जी की फीस वसूल कर रहा है लेकिन छात्रों को इसकी एवज में कोई सुविधा नहीं दी जा रही।
छात्रों की मांगों को उठाने पर सिर्फ रटा रटाया जवाब मिलता है कि मांगें पूरी कर दी जाएंगी लेकिन होता कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार के आदेशों पर शहर के सभी पुस्तकालय खुल गए हैं लेकिन एचपीयू ने अभी तक लाइब्रेरी नहीं खोली है। नेगी ने कहा कि प्रशासन मांग के बावजूद परिसर में शुद्ध पानी तक मुहैया करवाने में नाकाम रहा है। स्कूल की तर्ज पर विश्वविद्यालय को खोले जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। इन छात्र नेताओं ने चेताया कि मांगें पूरी नहीं की तो एबीवीपी उग्र आंदोलन शुरू कर देगी जिसके लिए विवि प्रशासन जिम्मेदार होगा।
एबीवीपी ने यह उठाई हैं मांगे
एबीवीपी ने छात्रों के लिए लाइब्रेरी तुरंत खोलने, हाईकोर्ट के निर्देशों पर प्रवेश परीक्षा न करवाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों कार्रवाई करना, पंचायत सचिव पद की भर्ती के लिए तय फीस कम कर उसे वापस करना, बीबीए-बीसीए के प्रमोट छात्रों के रिजल्ट जल्द अपडेट करना, ऑनलाइन ईआरपी सिस्टम को बेहतर करने को इसे सरकारी संस्था को देना, एमफिल एलएलएम की प्रवेश परीक्षा जल्द करवाना, सभी पीजी कक्षाओं के परिणाम जल्द घोषित करना और एमएससी ईवीएस प्रथम सत्र, बीएड के चौथे सत्र के परिणाम जल्द घोषित करने की मांग की है।