लेकिन अभी तक इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बैग खरीदने को लेकर अभी तक अंतिम मंजूरी शिक्षा विभाग ने नहीं दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने पहले बजट भाषण में पहली, तीसरी, छठी और नवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पहले चरण में निशुल्क स्कूल बैग देने की घोषणा की है। अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को दूसरे चरण में बैग दिए जाएंगे।
उधर, नवीं कक्षा के 90 हजार विद्यार्थियों के लिए स्टील की पानी बोतलें खरीदने की टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई थी। 11 अक्तूबर को सात कंपनियों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे थे। 23 अक्तूबर को आई जांच रिपोर्ट में किसी भी कंपनी के सैंपल निगम की ओर से तय किए गए मापदंडों पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में टेंडर रद्द कर दिए गए। जल्द ही रि-टेंडर करने की निगम के अधिकारियों ने बात कही थी लेकिन यह प्रक्रिया भी अभी शुरू नहीं हुई है।
पर्यावरण विभाग को भेजी गई फाइल अभी तक वापस नहीं लौटने का देरी के लिए तर्क दिया जा रहा है। नवीं कक्षा के 90 हजार विद्यार्थियों को स्टेनलेस स्टील की 750 मिली लीटर क्षमता की पानी बोतलें दी जानी हैं। विद्यार्थियों को मुफ्त में पानी की बोतलें उपलब्ध करवाने की मुख्यमंत्री जयराम सरकार ने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर घोषणा की थी।