गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण को जहां पर्यटन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है, वहीं एयरपोर्ट विस्तार के बाद यहां रात्रि हवाई सेवाएं शुरू होने की भी संभावनाएं प्रबल हो जाएंगी।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण के बाद यहां पर रात के समय भी विमान उतर सकेंगे। करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार होने वाले 3110 मीटर की पट्टी वाले इस हवाई अड्डे में रात के समय हवाई सेवाओं को शुरू किया जा सकेगा। मौजूदा समय में गगल एयरपोर्ट पर दिन के समय ही उड़ानें हैं। यहां पर रात के समय विमान उतारने की कोई व्यवस्था नहीं है।
विज्ञापन
गगल एयरपोर्ट से अंतिम फ्लाइट पांच बजे से पहले ही टेकऑफ कर जाती है। इसके चलते कई बार आपातकाल में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस दौरान उन्हें या तो महंगे दामों पर टैक्सियां हायर करनी पड़ती हैं या फिर मजबूरी में दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ता है।
ऐसे में अगर रात के समय गगल में हवाई सेवाएं शुरू होती हैं तो इससे पर्यटन व्यवसाय को भी नए पंख लगेंगे। गगल एयरपोर्ट के निदेशक एमडी धीरेंद्र ने बताया कि अभी तक गगल एयरपोर्ट पर रात के समय विमान उतारने की कोई व्यवस्था नहीं है।
एयरपोर्ट विस्तार के बाद ही यहां रात के समय विमान उतारने की सुविधा मिलने की संभावना है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी बांबा ने कहा कि अगर गगल एयरपोर्ट पर रात के समय हवाई सेवाएं शुरू होती हैं तो इससे पर्यटन व्यवसाय को काफी राहत मिलेगी।