पुलिस ने 12 अप्रैल को पकड़े गए चिट्टे के मामले में ठियोग न्यायालय में तैनात हितेंद्र मेहता को किया गिफ्तार
विज्ञापन
क्रॉसर
चार महीनों में जिले में 214 आरोपियों को दबोचा
कई बड़े गिरोहों का पुलिस ने किया है भंडाफोड़ अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। चिट्टा तस्करी के मामलों में आए दिन सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आ रही है। एक दिन पहले ही पुलिस ने रोहड़ू में चिट्टा तस्करी के मामले में एसबीआई (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया) के ऋण मैनेजर को गिरफ्तार किया था।
अब चिट्टा तस्करी से जुड़े एक अन्य मामले में पुलिस ने ठियोग न्यायालय में बतौर चपरासी कार्यरत हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। एक अन्य मामले में संजौली पुलिस ने चरस के साथ दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक पहला मामला 12 अप्रैल का है, जब सूचना के आधार पर पुलिस थाना ठियोग की टीम ने नंगल देवी के पास एक कार की तलाशी ली। इसमें कुलदीप वर्मा उर्फ आशु निवासी नलेहा के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू की गई। पुलिस ने जब आरोपी से गहन पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि उसने चिट्टा हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को सप्लाई देने के उद्देश्य से प्राप्त किया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया।
विज्ञापन
जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बीच व्हाट्सएप चैट में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से संबंधित बातचीत पाई गई। इससे उनके बीच आपसी समन्वय एवं अवैध कारोबार की पुष्टि हुई। इसके अलावा हितेंद्र मेहता ने कुलदीप वर्मा को यूपीआई से भुगतान भी किया था। इस आधार पर हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू की इस मामले में संलिप्तता मिली। पुलिस ने केस में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ दी है।
अब पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद मामले को लेकर गहनता से जांच करेगी। जिले में नशा तस्करी के मामलों में आए दिन सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की संलिप्तता ने सबका चौंका दिया है। चिंता की बात यह है कि चिट्टा तस्करी के मामलों में पुलिस, बैंक, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विभागों के कर्मी और अधिकारी भी पकड़े जा चुके हैं। चिट्टे की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है।
जिला पुलिस ने चार महीनों में नशा तस्करी के खिलाफ चलाई गई मुहिम में कई बड़े अंतरराज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। इसमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से बड़े सप्लायरों को पकड़ा गया है। इसके अलावा नेपाल से चल रहे अफीम तस्करी के नेटवर्क का भी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस साल शिमला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 100 केस दर्ज किए हैं। इसमें 214 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 38 आरोपियों को बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
झाड़ियों में फेंक दी पुड़िया, जांचने पर निकली चरस
संजौली में पुलिस ने दो युवकों को चरस के साथ पकड़ा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल को संजौली पुलिस की टीम फोरेस्ट रोड तिब्बतियन चौक से आगे गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सड़क के किनारे दो युवकों को खड़े देखा जिन्होंने अपने हाथ में कुछ पकड़ा था। पुलिस को देखकर दोनों ने हाथ में पकड़ी पुड़ियों को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को काबू किया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुड़ियों की जांच की तो उसके अंदर 68.660 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों में हरीश निवासी डोडरा क्वार, रोहड़ू और कुलदीप नेगी निवासी किन्नौर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोट
नशा तस्करी के मामलों में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ठियोग में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में जेएमएफसी ठियोग में चपरासी के रूप में कार्यरत आरोपी को गिरफ्तार किया है। नशा तस्करी में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है जिससे चिट्टा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए।
-गौरव सिंह, एसएसपी शिमला