हिमाचल प्रदेश में बागवानी विकास में सहयोग के बाद विश्व बैंक अब किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा। विश्व बैंक की टीम कंट्री हेड मिस्टर कौमे की अगुवाई में 2 अप्रैल को शिमला पहुंच रही है। 4 अप्रैल तक टीम हिमाचल में रुकेगी, इस दौरान कृषि, बागवानी और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकें होंगी और फील्ड विजेट भी होगा। 2016 से 31 अक्तूबर 2024 तक हिमाचल में लागू की गई 1045 करोड़ रुपये की बागवानी विकास परियोजना के सफल क्रियान्वयन से विश्व बैंक संतुष्ट है और अब कृषि क्षेत्र में सहयोग के लिए भी रूचि दिखा रहा है। विश्व बैंक हिमाचल में कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा में सुधार और पर्यावरण सरंक्षण में मदद की पेशकश कर चुका है। सरकार भी ग्रामीण आर्थिकी को सशक्त बनाने में विश्व बैंक की मदद लेने के लिए प्रयासरत है। हालांकि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को विदेशी एजेंसियों से मिलने वाली वित्तीय मदद की सीमा तय कर रखी है। केंद्र की मंजूरी के बाद ही विश्व बैंक से वित्तीय मदद के प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलेगी।