महिला पानी की 115 फीट ऊंची टंकी पर जा चढ़ी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के सिरमौर जिले के पावंटा में प्यार में धोखा खाने के बाद एक महिला पानी की 115 फीट ऊंची टंकी पर जा चढ़ी। वहां से महिला इंसाफ की गुहार लगाती रही। धमकी दी कि उसे इंसाफ न मिला तो वह कूदकर अपनी जान दे देगी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर टंकी से नीचे उतारा। इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है। घटना माजरा पुलिस थाने के तहत पड़ने वाली एक ग्राम पंचायत की है।
पुलिस के अनुसार यह महिला दो बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। महिला ने युवक को 60 हजार रुपये भी दिए हैं। युवक ने महिला को दिलासा दिया था कि वह पहले पति से तलाक ले लेगी तो वह उससे शादी करके पंचायत के रिकॉर्ड में चढ़वा देगा। महिला ने पहले पति से तलाक भी ले लिया लेकिन युवक अब अपने वायदे से मुकर गया है। इससे परेशान होकर महिला ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़ गई। डीएसीपी पांवटा साहिब बीर बहादुर सिंह ने कहा कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा-376 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।