प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में आज होगी खिताबी जंग
विज्ञापन
सेमीफाइनल में अद्वय ने जॉय को दी शिकस्त संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के इंदिरा गांधी खेल परिसर में चल रही शिमला हॉट वेदर टेबल टेनिस प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को अंडर-13 बालक और बालिका एकल वर्ग के मुकाबले खेले गए।
बालक वर्ग में शिमला के अद्वय ब्रामटा और बालिका वर्ग में आलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग का खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। एसोसिएशन के सचिव अभय लखनपाल ने बताया कि बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में अद्वय ब्रामटा ने शिमला के आरव गुप्ता को लगातार तीन गेमों में 11-8, 11-6 और 11-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं सेमीफाइनल में अद्वय ने कांगड़ा के जॉय को 3-1 से हराया, जबकि आरव गुप्ता ने मंडी के युवराज को 3-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। इसी तरह बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। आलिया ने अवनि गुप्ता के खिलाफ शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया। मैच का स्कोर 7-11, 5-11, 11-7, 11-7 और 11-9 रहा। सेमीफाइनल में अवनि गुप्ता ने गीतांजलि को जबकि आलिया ने सोलन की आहाना वर्मा को हराकर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के आयोजकों के अनुसार, शनिवार को शेष वर्गों के मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।