दो साल के एएनएम (ऑग्जिलरी नर्स मिडवाइफरी) कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने एएनएम कोर्स के लिए आवेदन मांगे हैं। कोर्स के लिए पात्र अभ्यर्थियों को 20 जुलाई तक आवेदन करना होगा। प्रदेश के 10 एएनएम प्रशिक्षण संस्थानों में 183 छात्राओं को नर्स बनने के लिए दाखिला दिया जाएगा।
प्रदेश में एएनएम कोर्स के लिए एक सरकारी और नौ निजी संस्थान चल रहे हैं, जहां पर इसकी पढ़ाई होती है। सरकारी संस्थान में 30 और निजी संस्थानों में 153 सीटों पर एएनएम कोर्स के लिए दाखिला होगा। एएनएम एक ऐसा कोर्स है, जिसमें विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के अभ्यर्थी भी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का जमा दो कक्षा में 40 फीसदी अंकों के साथ पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 17 से 35 वर्ष होनी चाहिए। वहीं, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के लिए आयु वर्ग में नियमों के अनुसार छूट दी गई है। कोर्स के लिए छात्राओं को ऑफलाइन फॉर्म एचपीएनआरसी की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा।
फीस ऑनलाइन जमा करवानी होगी। सामान्य व ओबीसी वर्ग के लिए 400 रुपये और अन्य वर्ग के लिए 200 रुपये फीस तय की गई है। फीस ऑनलाइन जमा करने के बाद इसकी रसीद फॉर्म के साथ निदेशक मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च शिमला के पते पर भेजनी होगी।
कोर्स में दाखिला लेने के लिए जमा दो के अंकों के आधार पर ही अभ्यर्थियों की मेरिट बनाई जाएगी। आवेदन पहुंचने की अंतिम तिथि 20 जुलाई जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के लिए 25 जुलाई तक फॉर्म निदेशक मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च शिमला के कार्यालय में पहुंच जाने चाहिए।