होटल मैनेजमेंट संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर में क्राफ्टमैनशिप सर्टिफिकेट कोर्स इन फूड प्रोडक्शन एंड पेटिसरी और डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज सर्विस में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए योग्यता प्राप्त इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र पात्रता मानदंड और सूचना विवरणिका संस्थान की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं अथवा किसी भी कार्य दिवस पर संस्थान से प्राप्त किए जा सकते हैं।
पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र किसी भी कार्य दिवस पर संस्थान में 21 जुलाई तक जमा करवाए जा सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये आवेदन शुल्क के रूप में जमा करवाने होंगे। इसका भुगतान एटीएम कार्ड या प्रिंसिपल आईएचएम हमीरपुर के नाम पर देय बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से किया जा सकता है।
आईएचएम हमीरपुर तीन वर्षीय बीएससी हॉस्पिटेलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री में जो विद्यार्थी एनसीएचएम जेईई परीक्षा फार्म भरने से रह गए हैं, वह भी सीधा प्रवेश पाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वर्ष 2013 से वर्तमान तक इस संस्थान से बीएससी डिग्री के करीब 700 बच्चे क्राफ्ट कोर्स व डिप्लोमा के लगभग 400 बच्चे देश-विदेश में उच्च पदों पर आसीन होकर अपनी पहचान बना चुके हैं। संस्थान के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा ने बताया कि भविष्य में भी संस्थान कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित करके रोजगार के अवसर प्रदान करता रहेगा।