शिमला। राजधानी में यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए जिला पुलिस ने सर्कुलर रोड समेत अहम स्थानों पर 15 अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं। यह जवान अब दिन के समय इन स्थानों पर लगने वाले यातायात जाम को सुचारू करेंगे।
पुलिस के अनुसार यातायात को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शहर को विभिन्न सेक्टरों में बांटा गया है। वर्तमान में शिमला ट्रैफिक पुलिस में जवानों की स्वीकृत संख्या 180 है। इनमें से 136 पुलिस कर्मी ही व्यवस्था संभाल रहे हैं। बाकी पद खाली हैं। अब यातायात व्यवस्था में जनता को आ रही परेशानियों को देखते हुए शिमला पुलिस ने 15 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया है। यह पुलिस कर्मी शहर के व्यस्ततम स्थानों ताराहॉल, लक्ष्मी नारायण मंदिर कसुम्पटी, टालैंड, लक्कड़ बाजार बस स्टैंड, राहत होटल, उच्च न्यायालय क्षेत्र और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनाती देंगे। पुलिस ने आम जनता पर्यटकों, परिवहन संचालकों, टैक्सी यूनियनों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और चिह्नित की गई पार्किंग में ही गाड़ियां खड़ी करें। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए लोग अपने सुझाव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर 8894728001 पर भी साझा कर सकते हैं।