देश के बड़े शहरों को भिखारी बच्चों से मुक्त करने के लिए केंद्र सरकार जल्द नया नियम लाने की दिशा में काम कर रही है। नए नियम में अगर किसी पुलिस कर्मी के सामने कोई बच्चा चौराहे पर भीख मांग रहा होगा और वह कर्मी कोई कदम नहीं उठाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस बात का खुलासा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के कानूनी सदस्य यशवंत जैन ने धर्मशाला में किया। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल मंत्रालय इस योजना पर काम कर रहा है, जिसे देश के मेट्रो शहरों में जल्द लागू किया जाएगा।
इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को इस दलदल से निकालकर शिक्षित और सभ्य बनाना है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने इस नए नियम के बारे में प्रारूप तैयार कर लिया है।
आने वाले समय में देश की मेट्रो सिटी के पुलिस अधिकारियों के साथ इस बारे में बैठकर योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आयोग देशभर में शिक्षा का अधिकार, पोक्सो और जेजे एक्ट का प्रभावित ढंग से लागू करने पर काम कर रहा है।