एडीएम प्रोटोकॉल संदीप नेगी ने कसा शिकंजा, एक केमिस्ट पर सैनिटाइजर अधिक रेट पर बेचने पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल संदीप नेगी ने खाद्य विभाग की विभाग की टीम के साथ शुक्रवार को संजौली में निरीक्षण किया। इस दौरान एक दवा विक्रेता तय मूल्य से अधिक पर हैंड सैनिटाइजर बेचता हुआ पाया गया। इसके बाद नेगी ने कार्रवाई करते हुए दुकान में रखे सभी सैनिटाइजर जब्त कर लिए। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल संदीप नेगी ने बताया कि आज संजौली क्षेत्र में उन्होंने दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर जांच की। एक दुकान पर तय रेट से अधिक बेचे जा रहे सैनिटाइजर की दुकान से सैनिटाइजर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा अन्य तीन दुकानदारों के भी चालान काटे हैं।
उन्होंने कहा कि सैनिटाइजर, सरकार द्वारा आवश्यक वस्तुओं के अधीन लाया गया है। इसके लिए 100 एमएल की कीमत 50 रुपये और 200 या इससे ऊपर एमएल की 100 रुपये कीमत निर्धारित की है। उन्होंने दुकानदारों को इस कठिन दौर में किसी भी प्रकार की अनियमितताएं न बरतने के आदेश दिए। कहा कि इस संबंध में यदि कोई दोषी पाया गया तो कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सुनील मेहता भी इस दौरान उपस्थित रहे।