अमर उजाला लाइव...
राजधानी के सबसे बड़े बाजार लोअर बाजार में दुकानदारों के अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। हालांकि, इस बार बाजार में अतिक्रमण पर नगर निगम का हथौड़ा चल पाता, इससे पहले ही कारोबारियों ने पार्षदों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद बाजार का सिर्फ निरीक्षण किया गया। इसमें 30 से ज्यादा दुकानदार ऐसे मिले हैं जिनकी दुकानों के काउंटर और रास्ते नाली या सड़क पर बने मिले हैं। पेश है लाइव रिपोर्ट:
बाजार में कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कारोबारियों ने मौके पर बुला लिए पार्षद, नहीं चल पाया निगम का हथौड़ा
बाजार में 30 से ज्यादा दुकानदारों को नाली और सड़क के ऊपर किए निर्माण को तोड़ने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिन: शनिवार। समय दोपहर 2:35 बजे। लगातार तीसरे दिन नगर निगम की संपदा शाखा की टीम दलबल के साथ नाज चौक पहुंची। यहां से लोअर बाजार का निरीक्षण शुरू हुआ। अधीक्षक रीता टंडन की अगुवाई वाली टीम ने बाजार की सड़क के दोनों ओर बनी दुकानों का निरीक्षण शुरू कर दिया। अभी मैहरू चौक के पास ही पहुंचे थे कि कारोबारी जमा हो गए। यहां कपड़े की एक नामी दुकान के बाहर नाली टाइलों से ढकी मिली। जैसे ही इस पर हथौड़ा चलाने के आदेश जारी हुए कि कारोबारियों ने टीम को घेर लिया। कहा कि बेवजह दुकानों को नुकसान न पहुंचाया जाए। कारोबारियों ने पूर्व पार्षद इंद्रजीत सिंह और वर्तमान मनोनीत पार्षद राजकुमार को भी मौके पर बुला लिया। कारोबारियों और निगम टीम के बीच गहमागहमी बढ़ती देख इंद्रजीत ने मोर्चा संभाला। कहा कि निगम पहले दुकानदारों को बताए कि कहां अतिक्रमण है और किसे तोड़ना है। कारोबारी इसे खुद हटा देंगे। हालांकि, कुछ कारोबारी बोले कि उन्होंने सिर्फ दुकानों के रास्ते के लिए नाली के ऊपर टाइलें लगाई हैं। कोई गलत काम नहीं किया है। निगम टीम ने कहा कि नालियां ढकी होने से इनकी सफाई नहीं हो पाती। मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों ने भी कहा कि निर्माण होने से नालियां बंद हो रही हैं। कारोबारी बोले कि सफाई तो निगम शिकायत करने पर भी नहीं करता। सीढि़यों पर रखा मलबा दिखाते हुए कहा कि कई दिन से यह मलबा यहीं पड़ा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत इसे हटाने को कहा। पार्षदों से बातचीत के बाद निगम टीम ने नाली पर किया पक्का निर्माण नहीं तोड़ा। इसके बाद बाजार का सिर्फ निरीक्षण हुआ। इसमें 30 से ज्यादा दुकानदार ऐसे मिले जिन्होंने काउंटर या रास्ता बनाने के लिए सड़क और नाली को ही ढक दिया है। इन्हें इसे हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सिर्फ लोअर बाजार पर डंडा, कभी रामबाजार भी जाओ
दोपहर 3:20 बजे, आजाद चौक के पास भी कई जगह नालियों और सड़कों पर पक्के कब्जे मिले। निगम टीम ने इन्हें तुरंत उखाड़ने को कहा। कुछ कारोबारियों ने निगम की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। कहा कि निगम टीम कभी रामबाजार तो जाती नहीं, सिर्फ लोअर बाजार में ही डंडा चलाती है। कभी रामबाजार जाकर भी देखना चाहिए। वहां नाली तो दूर सड़क भी अतिक्रमण से ढकी हुई है। निगम टीम ने कहा कि हर बाजार में कार्रवाई की जा रही है।
इनसेट
नगर निगम से मिलेंगे कारोबारी
लोअर बाजार में दुकानदारों को दुकानों के बाहर नाली पर किए निर्माण को तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, कारोबारियों ने इन निर्देशों से पहले निगम प्रशासन के साथ बैठक बुलाने का फैसला लिया है। पार्षदों के साथ ये कारोबारी नगर निगम से इस निर्माण को गिराने के लिए समय मांग सकते हैं। बाजार में कई कारोबारी ऐसे भी मिले जिन्होंने शुक्रवार को चेतावनी के बाद शनिवार को नाली पर लगाई टाइलें हटा दीं। निगम टीम ने बाकी दुकानदारों से भी ऐसे ही सहयोग की अपील की।