हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के वरुण बरारी ने अपनी साहसिक उपलब्धियों की सूची में एक और ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। वरुण ने अपनी नौ सदस्यीय टीम का नेतृत्व करते हुए यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एल्ब्रस को फतह किया। 5,643 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई करने के लिए बर्फीली हवाओं और कठिन रास्तों का सामना किया। वरुण नगर निगम मंडी के वार्ड-एक खलियार के रहने वाले हैं। रूस में आयोजित यह चुनौतीपूर्ण अभियान आठ दिन तक चला। माउंट एल्ब्रस को यूरोप की सर्वोच्च चोटी माना जाता है और इस पर विजय पाना किसी भी पर्वतारोही के लिए गौरव का क्षण होता है।