प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले करीब 60 हजार छात्र-छात्राओं का 21 नवंबर को ज्ञान परखा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय और सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशालय द्वारा नौवीं के स्कूली बच्चों पर अचीवमेंट सर्वे किया जाएगा। इसके तहत अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषय की विशेष परीक्षा ली जाएगी।
स्कूली बच्चों का प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आधार मजबूत करने के लिए हर विषय से 50-50 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल के चार जवाब दिए जाएंगे। बच्चों को सही जवाब को चुनना होगा। उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने सभी जिला उपनिदेशकों को सफलतापूर्वक परीक्षाएं आयोजित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।