हिमाचल सरकार ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत के सम्मान में बीते मंगलवार रात को पीटहाफ में रात्रि भोज का आयोजन किया। इसमें मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष सहित प्रदेश के मंत्रिमंडल के सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शांत वातावरण और स्वच्छ जलवायु वाले हिमाचल के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल की यादों को हमेशा संजोए रखेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक खेती के महत्व को समझते हुए वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने पहले ही बजट में प्राकृतिक खेती के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्त्रस्म भी प्रस्तुत किया गया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और विधायक राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिले। राजभवन पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को सफल कार्यकाल की बधाई दी।
कुलदीप राठौर ने कहा कि नशा निवारण के लिए उठाए गए कदम एवं किसानों के लिए चलाई गई योजना शून्य लागत खेती हिमाचल के लिए वरदान साबित होगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा, विधायक नंदलाल, विक्रमादित्य सिंह, जिला शिमला ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश सचिव अमित नंदा, पवन चौहान, हरदीप बाबा, प्रदेश मीडिया सचिव बलदेव ठाकुर, सोशल मीडिया सह प्रभारी राजेंद्र वर्मा और संदीप चौहान मौजूद रहे।