भाजपा नेता एवं सांसद पर उपचुनाव में वोटरों को धन का प्रलोभन देने के आरोप लगे हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक सांसद का नाम लेते हुए पांच-पांच हजार रुपये का प्रलोभन देने के आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो किसने और कहां बनाया है इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। यह जांच का विषय है। लेकिन, पच्छाद में इससे हड़कंप मच गया है।
वीडियो में युवा कह रहे हैं कि उन्हें विकास चाहिए। किसको मत देना है ये वोटरों पर है। युवाओं का वोट पैसे का प्रलोभन देकर इस तरह से खरीदा जाना काफी चिंतनीय है। हालांकि, अभी तक वीडियो की पुष्टि नहीं हो पाई है। न ही यह पता चल सका है कि वीडियो पच्छाद के किस क्षेत्र का है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर ने भी सांसद सुरेश कश्यप पर आरोप लगाया है कि सांसद युवा व महिलाओं को पांच-पांच हजार रुपये का प्रलोभन देकर वोट खरीद रहे हैं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि भाजपा के मंत्री व नेता जहां आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। अब यह मामले ने पच्छाद को शर्मसार किया है। भाजपा को पच्छाद सीट हाथ से जाने का आभास हो गया है। इसको लेकर वह अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईपीएच मंत्री द्वारा आचार संहिता के दौरान कई गांव को पाइपें देने व उसके बाद पंचायती राज मंत्री द्वारा पंचायतीराज से जुड़े कर्मचारियों के साथ बैठक करने जैसे कई मामले भी सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी इसकी शिकायत जहां निर्वाचन आयोग से करेगी, वहीं यदि न्याय नहीं मिला तो न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी। उधर, लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस हार के डर से बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी महिला को महिला मंडल के बहाने कोई भी धन नहीं दिया है। उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। यह महज षड्यंत्र है। इधर,सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। इस बारे उड़न दस्ते को सूचना दे दी है। वीडियो की सत्यता का पता लगाया जाएगा। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।