शोघी और रामपुर में डिटेक्शन टीमों ने तलाशी के दौरान तीन मामले किए दर्ज, बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू
पुलिस की टीमें थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर रख रही नजर, सीमाओं पर भी बढ़ाई मुस्तैदी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला पुलिस ने शिमला और रामपुर में नाकाबंदी कर तीन अलग-अलग मामलों में 39 ग्राम चिट्टे के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी मामलों में बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर नशा तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं जिले की सीमाओं पर भी वाहनों की नियमित जांच की जा रही है।
पहला मामला शोघी क्षेत्र का है। यहां पर स्पेशल सेल ने शनिवार को पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी की थी। इस दौरान गुजरने वाली बसों और वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बस को तलाशी के लिए रोका। बस में सवार लोगों की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक युवक के कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय रजत निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरा मामला रामपुर रचोली क्षेत्र का है। डिटेक्शन टीम रामपुर की टीम ने यहां रोपड़ू नाला के समीप एक कार को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से करीब 11.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस इस मामले में 45 वर्षीय विकेश निवासी तहसील रामपुर, 25 वर्षीय पंकज शर्मा निवासी तहसील रामपुर और 32 वर्षीय पुष्पेंद्र निवासी तहसील निरमंड, जिला कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29 के तहत प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू कर दी है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनका पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
तीसरा मामला रामपुर क्षेत्र का है। यहां पर डिटेक्शन टीम उपमंडल रामपुर की पुलिस टीम ने वजीर बावड़ी–ब्रौ संपर्क सड़क पर लोअर डकोलड़ के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध अवस्था में खड़ी पिकअप की पुलिस ने जांच की। गाड़ी की तलाशी लेने पर चालक सीट के साथ बिछे फुटमैट के नीचे से एक पारदर्शी प्लास्टिक पुड़िया बरामद हुई। तलाशी के दौरान इसमें करीब 19.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी खुशवंत निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21,29 के तहत प्राथमिकी दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि तीनों मामलों में पुलिस अब नशा तस्करी के स्रोत की पहचान करने में जुट गई है। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस सप्लायरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।