सुन्नी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई पिकअप। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए।
शिमला। सुन्नी में सोमवार सुबह सेब से लदी एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। इनकी पहचान दिमाराम (32) पुत्र दिनुराम और हेमराज (40) पुत्र हिरदुराम के तौर पर हुई है। दोनों घायल करसोग के रहने वाले हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुन्नी में घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब ढाई बजे सेब से लदी पिकअप करसोग से सोलन की तरफ जा रही थी। बसंतपुर के पास नाटला क्षेत्र में पिकअप अनियंत्रित होकर नाले में लुढ़क गई। करीब तीन सौ मीटर नीचे लुढ़कने के बाद वाहन निर्माणाधीन गौशाला भवन के ऊपर जाकर रुका। इसमें दो लोग सवार थे। इस बीच एक टिप्पर घटनास्थल से गुजर रहा था और सड़क में घायलों को देखकर रुक गया। इसके बाद टिप्पर चालक ने घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र सुन्नी पहुंचाया। यहां पर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।