रामुपर बुशहर के कुमारसैन के तहत बड़ागांव के पास कोपटू मोड़ पर एक मारुति कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कार बड़ागांव से शिवान जा रही थी। इस दौरान चालक कार संख्या एचपी 35-1954 से नियंत्रण खो बैठा।
इससे कार करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक एवं मालिक रमेश कुमार (55) पुत्र भगवान दास, गांव शुपासेर, डाकघर शिवान, तहसील कुमारसैन जिला शिमला की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश कुमार विद्युत बोर्ड में डिवीजन बड़ागांव में बतौर टी मेट कार्यरत था।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुमारसैन अस्पताल लाया। नायब तहसीलदार कुमारसैन राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर दस हजार की राशि दी गई है।
हादसे की पुष्टि थाना प्रभारी कुमारसैन विरोचन नेगी ने की। उन्होंने कहा कि कार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।