सोलन जिला के रामशहर-नालागढ़ मार्ग पर एक बाइक के ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि उसके पति की टांग में फ्रैक्चर हो गया है। घायल व्यक्ति को नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
बद्दी के साथ लगते हरियाणा की सीमा पर मंडावाला गांव की बंगाला बस्ती निवासी सलीम अपनी पत्नी रूमा व दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर मंडी से अपने घर मंडावाला आ रहा था।
जैसे ही वे रामशहर क्रॉस करने के बाद नालागढ़ की ओर जा रहे थे कि दो किमी आगे दूसरी ओर से एक ट्रक एचआर-49 डी-2101 तेज रफ्तार से आया। सड़क तंग होने से बाइक ट्रक से टकरा गया, जिससे सलीम की पत्नी रूमा, दोनों बच्चे और वह गिर गए।
रूमा सड़क की ओर गिरी, जिससे ट्रक का टायर उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलीम की टांग में फैक्चर हो गया। दोनों बच्चों को भी चोटें आई हैं।
घायल अवस्था में सलीम को नालागढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। एसपी जी शिवा कुमार ने धारा 279,337 व 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।