उपायुक्त अनुपम कश्यप ने आपदा मित्रों को बांटी आपदा किट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में भूकंप, भूस्खलन, आगजनी और बाढ़ जैसी स्थिति में आम जनता के लिए अब आपदा मित्र मददगार बनेंगे। आपदा से निपटने और जनता को फौरी मदद देने के लिए जिले में युवाओं को आपदा मित्र के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने शुक्रवार को आपदा मित्रों के साथ बैठक की और उन्हें आपदा किट वितरित कीं। इस दौरान उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षित आपदा मित्रों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि आपदा मित्र की समाज में बड़ी भूमिका है। यह आपदा के समय में किसी की जिंदगी बचा सकते हैं। युवा पीढ़ी को प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि लोगों को आपदा में बेहतर सुविधा मिल सके और रेस्क्यू कार्यों में तीव्रता मिल सके। आपदा मित्र योजना का उद्देश्य आपदाओं के समय स्थानीय नागरिकों को प्रशिक्षित कर पहली प्रतिक्रिया टीम के रूप में तैयार करना है। इस योजना के तहत युवाओं और स्वयंसेवकों को खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित निकासी जैसी जरूरी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्योति राणा, गौरव और नेहा, आपदा मित्र भारती, कुलदीप शर्मा, ज्यों मिश्रा, नीतीश, सार्थक चौहान, विशाल ठाकुर, मयंक भारद्वाज, साहिल ठाकुर, अपराजिता, नीलाक्षी, मीनाक्षी, अपराजिता, मीनाक्षी, खुशबू, ज्योति, लक्ष्मी मौजूद रहे।