लोअर और मिडिल बाजार में नहीं मिलेगी बैठने की अनुमति
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के लोअर बाजार और मिडिल बाजार के तहबाजारियों को नगर निगम ने आजीविका भवन में शिफ्ट होने के आदेश दिए हैं। इस संबंध में नोटिस जारी कर निगम प्रशासन ने सभी तहबाजारियों को 15 नवंबर तक आजीविका भवन के टैरेस पर चिह्नित किए स्थानों पर शिफ्ट होने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के अनुसार पिछले कुछ दिनों से भवन के टैरेस पर वाटरप्रूफिंग का काम चल रहा था जो अब पूरा हो चुका है। इसके बाद तहबाजारियों के लिए यहां दोबारा स्थान चिह्नित कर दिए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोअर बाजार और मिडिल बाजार को नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी यहां तहबाजारियों को बैठने की अनुमति नहीं होगी। इसमें जो तहबाजारी इन बाजारों से शिफ्ट नहीं होंगे, उनके पहचान पत्र रद्द किए जा सकते हैं। नगर निगम की ओर से तहबाजारियों को इस संबंध में सूचना दे दी है। निगम की टीम ने बुधवार को बाजार का निरीक्षण करना था, लेकिन अब यह कार्रवाई वीरवार को की जाएगी।
उधर तहबाजारी पहले से ही आजीविका भवन में शिफ्ट करने के नगर निगम के फैसले का विरोध कर रहे हैं। अभी तक बाजारों से एक भी तहबाजारी आजीविका भवन में शिफ्ट नहीं हुआ है। निगम इससे पहले भी तीन नोटिस जारी कर चुका है। अब देखना होगा कि इस बार जारी नोटिस के बाद कितने तहबाजारी शिफ्ट होते हैं। नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने कहा कि नो वेंडिंग जोन में तहबाजारियों को बैठने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें निगम की ओर से चिह्नित किए गए स्थानों पर ही बैठना होगा।