तलाशी के दौरान बरामद की नशे की सामग्री, जांच में जुटी पुलिस अमर उजाला ब्यूरो शिमला। पुलिस ने ठियोग के रईघाट में चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिलाष निवासी कोटखाई के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक ठियोग पुलिस की टीम बुधवार रात करीब साढ़े छह बजे क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली की रईघाट बाईपास पर एक युवक के पास चिट्टा है। इसी आधार पर पुलिस टीम रहीघाट बाईपास में जीरो प्वाइंट के पास पहुंची। यहां पुलिस की टीम ने शक के आधार पर युवक की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 13.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर जानकारी जुटा रही है कि आरोपी ने चिट्टा कहां से खरीदा था।
शिमला पुलिस ने नए साल में नशा तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके तहत अभी तक 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस ने ठियोग के रईघाट में चिट्टे के साथ युवक को पकड़ा है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।