नगर निगम और पुलिस विभाग का कहना है कि नेताओं की गाड़ियों के लिए यह पार्किंग चिह्नित की गई है। इस चिह्नित स्थान पर ही अब इनके वाहन खड़े हो सकेंगे। इससे मालरोड पर बेतरतीब पार्किंग नहीं होगी जिससे लोगों को सुविधा मिलेगी। दावा है कि इस बारे में सरकार से निर्देश जारी हुए हैं। हाल ही में कोर्ट ने भी मालरोड पर होने वाली बेतरतीब पार्किंग पर सवाल उठाए थे। इसके चंद दिन बाद ही मालरोड पर येलो लाइन लगाकर माननीयों के लिए पार्किंग स्थान चिह्नित किए हैं। शहर का मालरोड सील्ड रोड में शामिल हैं। आज तक इस सड़क पर कभी येलो लाइन नहीं लगी थी। अब पहली बार यहां येलो लाइन लगाकर पार्किंग चिह्नित की गई है।
सरकार की मंजूरी है अनिवार्य
शहर में बंधित और प्रतिबंधित सड़कों पर येलो लाइन लगाने या पार्किंग बनाने आदि को लेकर जिला प्रशासन तथा सरकार से मंजूरी लेना अनिवार्य है। जिला प्रशासन सिर्फ प्रतिबंधित सड़कों से जुड़ी मंजूरी दे सकता है। वहीं मालरोड जैसे सील्ड रोड पर काम के लिए सरकार के गृह विभाग से मंजूरी अनिवार्य है। पुलिस विभाग और नगर निगम का दावा है कि गृह विभाग से ही इसकी मंजूरी मिली है। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा ने कहा कि उन्हें मालरोड पर येलो लाइन लगाने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह जिला प्रशासन के अधीन नहीं है। यह सील्ड रोड है जिस पर गृह विभाग ही मंजूरी देता है।
पार्किंग के लिए चिह्नित की है जगह : आयुक्त
गाड़ियों की पार्किंग के लिए जगह चिह्नित की है। पुलिस के साथ मिलकर यहां येलो लाइन लगाई है। यह अस्थायी पार्किंग है।- भूपेंद्र अत्री, आयुक्त नगर निगम शिमला
पार्किंग की सुविधा मिलेगी
मालरोड पर नियमों के अनुसार ही विधायकों के वाहनों के लिए येलो लाइन लगाई गई है। इसके लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं।-संजीव गांधी, एसएसपी शिमला