अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। मशोबरा चौकी के तहत ट्रक ने सड़क के किनारे खड़ी पुलिस की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर कृषि विभाग का गेट तोड़ते हुए परिसर में घुस गया। इस हादसे में ट्रक चालक को चोटें आई हैं।
पुलिस ने चालक का प्राथमिक उपचार करवाने के बाद केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामला देर शाम का बताया जा रहा है जब मशोबरा चौक से एक ट्रक आया और पुलिस चौकी मशोबरा की सरकारी बाइक को टक्कर मारकर घसीटते हुए गेट को तोड़कर कृषि कार्यालय के परिसर में घुस गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई राहगीर और कार्यालय का कर्मचारी इसकी चपेट में नहीं आया। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक चालक गुरजीत सिंह निवासी तलवंडी साबो, बठिंडा, पंजाब को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर दर्जकर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। ब्यूरो