शिमला। शहर के टुटीकंडी वार्ड में घरों पर खतरा बने पेड़ों को तुरंत कटवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। रविवार को चीड़ का एक पेड़ मकान की छत पर गिर गया। इससे छत को नुकसान हुआ। सोमवार को नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान और उपमहापौर उमा कौशल मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की।
मकान मालिकों ने बताया कि पास की निजी जमीन पर खड़ा यह पेड़ काफी खतरनाक था। इसे कटवाने की मांग कई बार की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मौके पर एक और पेड़ भी खतरा बना हुआ है। इस पर महापौर ने भूमि मालिक से बात कर पेड़ को कटवाने को कहा। साथ ही जिला प्रशासन से भी इस बारे में कार्रवाई करने का आग्रह किया।
टुटीकंडी में एक खाली प्लॉट पर हरे पेड़ों की कटाई को लेकर भी सोमवार को काफी चर्चा रही। पूर्व विधायक के मकान के साथ लगते इन पेड़ों की कटाई को लेकर लोगों ने सवाल उठाए। वन विभाग का कहना है कि ये पेड़ घरों पर खतरा बने हुए थे और बाकायदा इन्हें काटने की मंजूरी ली गई थी। ब्यूरो