नगर निगम ने एक करोड़ से विकसित की परियोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के कनलोग में युवाओं के लिए खेल मैदान और बुजुर्गों के लिए तैयार योगा कैंपस बनकर तैयार हो गया है। नगर निगम की ओर से विकसित इस परियोजना पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आई है जिसका तीन महीनों में उद्घाटन कर दिया जाएगा। इसमें खेल मैदान को तैयार करने पर 80 लाख और योगा कैंपस पर 19 लाख के करीब का खर्च आया है। यहां पर बुजुर्गों सहित अन्य लोगों के बैठने के लिए एक अलग से सिटिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा इसमें फिश पाउंड लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना है। कनलोग क्षेत्र के लोगाें की लंबे समय से मांग थी कि इस क्षेत्र में बच्चों के खेलने के लिए कोई उचित जगह नहीं है। इसे देखते हुए नगर निगम ने बीते वर्ष से इसके निर्माण का कार्य शुरू कर दिया था। इस पहल का उद्देश्य शहर के रिहायशी इलाकों में बुनियादी खेल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। नवनिर्मित खेल मैदान को इस तरह से डिजाइन किया है कि यहां क्रिकेट, फुटबाल, बैडमिंटन और अन्य आउटडोर खेल गतिविधियां आयोजित की जा सकें। मैदान में समतल, रनिंग ट्रैक और बैठने की व्यवस्था भी की है, ताकि दर्शकों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। युवाओं के लिए यह मैदान न केवल खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर देगा बल्कि उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी मददगार साबित होगा। दूसरी ओर बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से तैयार योगा कैंपस में सुबह-शाम योगाभ्यास और प्राणायाम की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परिसर में शेड, फर्श पर मैट की व्यवस्था, चारों ओर हरियाली और शुद्ध वातावरण का विशेष ध्यान रखा गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा।
कोट
निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम चरण में सौंदर्यीकरण तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। युवाओं को खेल के बेहतर अवसर और बुजुर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं सक्रिय रखने के उद्देश्य से यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल मैदान और योगा कैंपस तैयार किया है। -आलोक पठानिया, पार्षद, कनलोग वार्ड