विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक करने के लिए प्रशासन तैयार करेगा पार्क
विज्ञापन
उपमंडल स्तर पर तैयार होगी ब्लैक स्पॉट की सूची
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। स्कूली छात्रों को सड़क यातायात के नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए अब राजधानी के एक स्कूल में सड़क सुरक्षा पार्क तैयार किया जाएगा। यहां आकर अन्य स्कूलों के बच्चे भी सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी हासिल करेंगे।
जिला प्रशासन ने इसके लिए शिक्षा और परिवहन विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा शहर के प्रवेशद्वारों और अन्य प्रमुख स्थानों पर सड़क चिह्न तथा चेतावनी पट्टिकाएं लगाई जाएंगी। मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए समय-समय पर रैलियों और शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शहर में एक विशेष जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी और सभी स्कूलों में भी ऐसी गतिविधियां निरंतर चलती रहेंगी। परिवहन विभाग को नवीनतम प्रौद्योगिकी पर आधारित सड़क निर्माण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए जिसमें संबंधित विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।
विज्ञापन
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सभी उपमंडलों में ब्लैक स्पॉट की सूची तैयार की जाए। इनमें सुधार के लिए वित्तीय प्रावधान किया जाएगा। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस विभाग को उपमंडल वार सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि इसके आधार पर ठोस कदम उठाए जा सकें।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता से चिह्नित कर उनका सुधार करने, सड़क चिह्नों एवं चेतावनी पट्टिकाओं की उचित व्यवस्था करने और आम लोगों में सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
रिज मैदान पर लगेगा रक्तदान शिविर
बैठक में फैसला लिया गया कि रिज मैदान पर जल्द ही रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को जरूरत पड़ने पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा। इस दौरान सड़क सुरक्षा के संदेश को भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। डीसी ने कहा कि जिले की सभी सरकारी और निजी एंबुलेंस को जीपीएस से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में सभी अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े अपने सुझाव साझा किए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल शर्मा और डीएसपी शक्ति सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।