दो मंजिला परिसर का 9.38 करोड़ रुपये से होगा निर्माण, एक साल के भीतर तैयार करने का किया जा रहा दावा लोक निर्माण विभाग इसी माह पूरी करेगा टेंडर प्रक्रिया चौड़ा होगा धंस रहा रिज का हिस्सा, दुकानें भी होंगी तैयार अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान के धंस रहे दूसरे हिस्से को बचाने का काम भी नए साल से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए यहां नया परिसर बनाया जाएगा। इससे न सिर्फ रिज मैदान के धंसने का खतरा खत्म होगा बल्कि रिज की चौड़ाई भी बढ़ जाएगी।
इसके अलावा यहां व्यावसायिक परिसर बनने से लोगों को भी सुविधा मिलेगी। रिज पर घोड़ों के खड़े होने वाले स्थान के पास इस नए परिसर का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने यहां दो मंजिला परिसर का डिजाइन तैयार किया है। इस काम के लिए बजट की मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार 9.38 करोड़ रुपये की लागत से इस नए परिसर का निर्माण किया जाएगा। अगले एक साल के भीतर यह परिसर बनकर तैयार होगा। इस परिसर से वैली व्यू बाधित न हो, इसके लिए इसे रिज के नए परिसर की तरह ही बनाया जाएगा। इसकी ऊंचाई रिज मैदान से ज्यादा नहीं होगी। नए परिसर में कई दुकानें भी खुलेंगी। इसके अलावा रेन शेल्टर या अन्य निर्माण भी यहां किया जा सकता है। लोग निर्माण विभाग का कहना है कि इस महीने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जनवरी से नए परिसर के निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
धंस रहा यह हिस्सा, पाइल्स पर तैयार होगा परिसर
रिज का यह हिस्सा भी पिछले कई साल से धंस रहा है। यहां जमीन पर पड़ रही दरारों से धंसाव साफ देखा जा सकता है। यहां बनीं कई दुकानों में भी दरारें पड़ चकी हैं। कई टूट भी चुकी हैं। यह नगर निगम की जमीन है। इस पर अभी 20 से ज्यादा अवैध दुकानें चल रही हैं। नगर निगम कई बार इन्हें खाली करने के आदेश दे चुका है। अब सख्ती से इसे खाली किया जाएगा। रिवोली मार्केट की तर्ज पर इस हिस्से पर भी पाइल्स पर नए परिसर का निर्माण होगा। काफी गहराई पर पक्की सतह मिलने तक इन पाइल्स की नींव रखी जाएगी। परिसर बनने के बाद पूरे रिज मैदान से धंसाव का खतरा पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।
नए परिसर पर खड़ा किया ढांचा हटा रहे
रिज मैदान पर गेयटी के सामने तैयार किए गए नए परिसर के ऊपर खड़े किए कंकरीट के ढांचे को भी तोड़ा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने परिसर के दोनों छोर पर छतनुमा एंट्री का निर्माण किया था। हालांकि, हेरिटेज कमेटी ने वैली व्यू को देखते हुए इसे हटाने के निर्देश दिए हैं। अब इसे हटाया जा रहा है। अब यहां हिमाचली कलाकृति पर आधारित ढांचे का निर्माण होगा।