गोवर्धन पूजा का सुबह 11 बजे हुआ शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सनातन धर्म सभा की ओर से मंगलवार को गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में अन्नकूट पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
गोवर्धन पूजा पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे पूजा-अर्चना और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ हुआ। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों, मिठाइयों, फलों, सब्जियों और अन्न से बने व्यंजनों का भोग लगाया गया। अन्नकूट के भोग में काजू कतली, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मिल्क केक, बेसन के लड्डू, जलेबी, रसमलाई, सेब, केला, अनार, आलू की सब्जी और सूखे मेवों सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर एक बजे के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सभा के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभा के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण डोरा, उपसचिव अशोक सोहल और औषधालय कन्वीनर चेतन शर्मा को संयोजक बनाया था। वहीं प्रधान अजय सूद, महासचिव धर्मपाल पुरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक लाल सूद, उपाध्यक्ष सुभाष चंद, वरिष्ठ संयुक्त सचिव सतपाल शर्मा, पिंटू और कोषाध्यक्ष वेद प्रकाश सूद ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।