फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: फ्लाइंग फेस्टिवल में आज जुन्गा में होगा साइक्लोथॉन

विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल सहित चार राज्यों के 60 युवा लेंगे हिस्सा
विज्ञापन

साइकलिस्ट स्पर्धा में 30 किलोमीटर रूट करेंगे तय
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। तीन दिन से आयोजित किए जा रहे चौथे संस्करण के शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एंड हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 के अंतिम दिन रविवार को साइक्लोथॉन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वह सुबह 10 बजे साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

आयोजक एवं द ग्लाइड इन के महाप्रबंधक अरुण रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब से करीब 60 युवा साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन व्हील्स टू विंग्स के दूसरे संस्करण के तहत किया जा रहा है। इसमें स्थानीय युवाओं को भी भाग लेने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि हिमाचल पुलिस के जवान भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और फिटनेस का प्रदर्शन करेंगे। अरुण रावत ने बताया कि साइक्लोथॉन का रूट 30 किलोमीटर निर्धारित किया है। प्रतियोगिता का मार्ग जुन्गा से कोटी, वहां से अश्विनी खड्ड की ओर वापसी और फिर जुन्गा तक रहेगा। प्रतिभागियों को पहाड़ी क्षेत्र के चुनौतीपूर्ण रास्तों और ऊंचाई वाले मार्गों पर अपनी साइकिलिंग क्षमता का प्रदर्शन करना होगा। प्रतियोगिता में एक हजार मीटर से अधिक की ऊंचाई हासिल करने की चुनौती भी शामिल है।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। इनमें 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के पुरुष, 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष और महिलाओं की ओपन श्रेणी शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को सात हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, सभी श्रेणियों के विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ निशुल्क टेंडम पैराग्लाइडिंग फ्लाइट का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
विज्ञापन


अरुण रावत ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों, साहसिक गतिविधियों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करना है। आज के दौर में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक सोच, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। इस उद्देश्य से साइक्लोथॉन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया जा रहा है। शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के समापन अवसर पर आयोजित होने वाली यह साइक्लोथॉन प्रतियोगिता जुन्गा क्षेत्र में खेल एवं साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सकारात्मक मंच भी प्रदान करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें