हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर सदर थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत बंदला के गांव कोग में आंगन में खेल रहे दो साल के बच्चे की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। पिकअप घर के ही आंगन में रेता उतारकर वापस जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कोग गांव में घर के आंगन में खेल रहे आयुष नाम के बच्चे को पिकअप गाड़ी घसीटती हुई ले गई। परिजनों के शोर मचाने पर चालक ने पिकअप रोकी। इसके बाद चालक पिकअप के साथ भाग गया। पिकअप उसी घर के आंगन में रेता उतारकर वापस जा रही थी। परिजनों ने बच्चे को जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक सुनील कुमार निवासी, गांव बंदला, जिला बिलासपुर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।
सवारियां उतार रही बस से टकराई कार, दो घायल
वहीं, घुमारवीं थाना के कुठेड़ा में एचआरटीसी की बस और अल्टो कार में टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार महिला और पुरुष घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दोनों वाहन चालकों के बीच समझौता हो गया जिसकी वजह से पुलिस में भी मामला दर्ज नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को कुठेड़ा में लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के पास सवारियां उतार रही एचआरटीसी की बस से एक कार टकरा गई। कार में सवार चालक और महिला घायल हो गए। घायलों के सिर में चोट आई है। घायलों को वहां से गुजर रही एक टैक्सी में घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया। घायलों की पहचान अश्वनी कुमार (26) और रोशनी देवी (65), निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।