शिमला चलौंठी के पास हुआ दर्दनाक हादसा गाड़ी में बैठ रहे थे बच्चे तभी दूसरी ओर आई गाड़ी ने मार दी टक्कर
विज्ञापन
पथरी का ऑपरेशन करवाकर लौट रहा था परिवार अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। संजौली बाईपास पर चलौंठी के समीप सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को अन्य वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में साढ़े तीन साल के बच्चे की मौत हो गई है जबकि दो अन्यों को चोटें आई हैं।
हादसा उस समय हुआ जब बच्चे गाड़ी में बैठ रहे थे। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से उत्तरकाशी उत्तराखंड की रहने वाली आशा रावत पथरी का ऑपरेशन करवाने के लिए शिमला आई थीं। यहां वह अपनी बहन के घर चलौंठी में ठहरी थीं। रविवार दोपहर 12:00 वह अपने पति हरीश रावत और तीन बच्चों के साथ घर लौट रही थी। इस दौरान मौसी का बेटा दीक्षित और साढ़े तीन साल का रोजर तथा सात साल की बेटी राघव गाड़ी में बैठने के लिए उनसे थोड़ा आगे निकल गए। तीनों बच्चे सड़क के किनारे खड़ी गाड़ी में चढ़ रहे थे लेकिन इसी दौरान ढली की ओर से आ रही क्रेटा गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साढ़े तीन साल के रोजर और अन्य दोनों बच्चों को चोटें आईं। हादसे के बाद तीनों बच्चों को उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने रोजर को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में राघव और दीक्षित को भी टांगों में चोटें आई हैं। इस हादसे में दोनों वाहनों को भी क्षति पहुंची है।
संजौली पुलिस ने वाहन चालक अक्षित गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल में बच्चे के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि सड़क हादसे में बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।