खलीनी में चिट्टे के साथ गिरफ्तार तीन आरोपियों के पास से चार सिरिंज बरामद होने से हुआ खुलासा
विज्ञापन
हरियाणा से जुड़े है चिट्टा तस्करी के तार
दो आरोपी हैं अंबाला क्षेत्र के रहने वाले अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में दूसरे राज्यों से चिट्टे की तस्करी के साथ अब सीरिंज भी अवैध रूप से पहुंचाई जा रही है। तस्कर नशे के आदी युवाओं को चिट्टे के साथ ही सीरिंज भी मुहैया करवाते हैं।
जिला शिमला समेत प्रदेश में सीरिंज की खरीद को लेकर सख्ती के बाद तस्करों ने यह नया तरीका अपनाया है। दरअसल शिमला में दवा विक्रेताओं को सिरिंज खरीदने वालों का रिकॉर्ड रखने के आदेश दिए गए हैं ताकि नशा करने वालों पर नजर रखी जा सके। खलीनी में स्पेशल सेल की टीम ने शनिवार रात को तीन युवकों को 6.910 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। तलाशी के दौरान आरोपियों से चार सीरिंज भी बरामद हुई हैं। आरोपियों की पहचान रजत कुमार, शुभम घई निवासी अंबाला कैंट हरियाणा के रूप में हुई है जबकि तीसरा आरोपी कमलेश रामपुर जिला शिमला का रहने वाला है।
विज्ञापन
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी चिट्टे के साथ ही सीरिंज भी हरियाणा से ही लेकर आए थे। पुलिस के मुताबिक इससे पहले भी कई मामलों में चिट्टे के साथ सीरिंजें बरामद की गई हैं। इससे साफ है कि अब नशा तस्कर चिट्टे के आदी युवाओं को नशे के साथ ही सीरिंज भी उपलब्ध करवा रहे हैं। वहीं हाल ही में पुलिस की नशा तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद नशा तस्करों ने तस्करी के तरीके में बदलाव किया है। तस्कर छोटी-छोटी मात्रा में नशे की सप्लाई दूसरे राज्यों से लेकर आ रहे हैं। इससे उनके पकड़े जाने का खतरा हो जाता है वहीं पकड़े जाने पर भी पांच ग्राम से कम मात्रा होने पर थाने से ही जमानत मिल जाती है। यही वजह है कि जिले में पकड़े जाने वाले ज्यादातर मामलों में आरोपियों से कम मात्रा में ही चिट्टा पकड़ा जा रहा है। शिमला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ मिशन भरोसा के तहत कार्रवाई शुरू की है। इस साल अभी तक 245 के करीब केस दर्जकर 535 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें दूसरे राज्यों के नशा सप्लायर भी शामिल हैं।
कोट नशा तस्कर तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब यहां सख्ती के बाद चिट्टे के साथ सिरिंज भी लेकर आ रहे हैं। वहीं कम मात्रा में नशा लेकर आ रहे हैं। पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। -संजीव कुमार गांधी, एसएसपी शिमला