हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए 2,200 करोड़ रुपये की परियोजना से होटल हॉली डे होम से रेलवे पार्किंग तक 841 मीटर लंबा केबल-स्टे ब्रिज बनेगा। यह पुल पुराने बस अड्डे और लिफ्ट पार्किंग क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रस्तावित पुल अर्धगोलाकार (सेमी-सर्कुलर) डिजाइन में बनाया जाएगा। इसमें लगभग 500 मीटर हिस्सा केबल-स्टे ब्रिज होगा जबकि शेष करीब 341 मीटर हिस्सा पिलरों के माध्यम से रेलवे पार्किंग से जुड़ेगा। पुल के लिए कृष्णा नगर और लालपानी क्षेत्र की ओर पांच से छह पिलर प्रस्तावित हैं। निर्माण की जद में आने वाली भूमि का प्रारंभिक आकलन किया जा चुका है। हालांकि परियोजना की वास्तविक लागत का पता विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद ही चल सकेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीआरआईडीसी) को सौंपी है।